ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
स्वच्छता अभियान के तहत रेलवे प्रशासन ने एक बार फिर विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की है। इस बार यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही गंदगी फैलाने पर जुर्माना लगाने की भी तैयारी है। डीआरएम तरुण प्रकाश के निर्देश पर रेलवे स्टेशन पर अधिकारियों की टीमें गठित कर अभियान शुरू कर दिया गया है।
देहरादून ने स्टेशन निदेशक गणेशचंद ठाकुर ने बताया कि रेलवे स्टेशन साफ सुथरा रखने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है। इस बार स्टेशन पर गंदगी फैलाने वाले यात्रियों पर रेलवे प्रशासन सख्ती भी करने जा रहा है। गंदगी फैलाने वाले यात्रियों को चिह्नित करने के लिए स्टेशन परिसर में पुलिस व रेलवे कर्मचारियों की तैनाती के साथ ही सीसीटीवी से भी निगरानी की जा रही है। इसके अलावा यात्री ट्रेनों के साथ ही स्टेशन परिसर को साफ रखने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। स्टेशन पर गंदगी न हो, इसके लिए वेंडरों की भी मदद ली जा रही है। स्टेशन को साफ सुथरा बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है। विशेष स्वच्छता अभियान देहरादून ही नहीं वरन मुरादाबाद मंडल के सभी स्टेशनों पर चलाया जा रहा है। मंडल स्तर पर गठित टीम भी औचक निरीक्षण कर जायजा ले रही है।