58 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, एक निर्माण सील
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। अवैध प्लॉटिंग और बिना मानचित्र स्वीकृत नहीं होने के मामलों में बृहस्पतिवार को एमडीडीए ने चार स्थानों पर कार्रवाई की। प्राधिकरण ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कुल 58 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त की। इसके अलावा मानचित्र स्वीकृत हुए बिना किया जा रहा एक निर्माण भी सील किया गया।
प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार कृषाली गांव सहस्त्रधारा रोड पर कुलदीप राज भंडारी ने करीब 100 बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग की थी। प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। अवैध प्लॉटिंग करने वालों ने प्राधिकरण की कार्रवाई का विरोध किया। इस पर प्राधिकरण अधिकारियों ने सख्ती दिखाई और पुलिस बल की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि करीब 40 बीघा पर की गई अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कर दी गई है।
विष्णुमाया एंकलेव, तुंतोवाला मौजा, मेहूंवाला के शिव मंदिर के पास सुखपाल सिंह चौहान और अशोेक बंसल ने करीब 10 बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग की थी। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। कुल्हान मानसिंह सहस्त्रधारा रोड पर ज्ञान सिंह और विजेंद्र पाल ने आठ बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की थी। प्राधिकरण टीम ने इसे भी ध्वस्त कर दिया।
रिंग रोड जोगीवाला लेन नंबर छह के हिमाद्री एंकलेव में सरोज देवी की भूमि पर बिना नक्शा पास कराए मोबाइल टावर लगाया जा रहा था। प्राधिकरण ने मोबाइल टावर को सील कर दिया। कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक अभियंता आनंद राम आर्य, एसएस रावत, जेई विनोद चौहान, प्रमोद मेहरा, टीएस पंवार अन्य सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहा।