ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। एम्स के कैंसर सर्जरी विभाग ने 30 वर्ष की एक महिला के फेफड़े में बने ट्यूमर का सफल इलाज किया है। निदेशक डॉ. रविकांत ने बताया कि फेफड़े के ऑपरेशन की सुविधा अब तक उत्तराखंड में सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध नहीं थी। एम्स में पहली बार इस प्रकार की जटिल सर्जरी को सफल अंजाम दिया गया है। वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. पंकज गर्ग ने बताया कि यह ट्यूमर आम तौर पर गर्भाश्य में पाया जाता है, मगर इस महिला के फेफड़े में यह ट्यूमर था, जो कि पसलियों और छाती से निकलकर लीवर तक फैल गया था।
इस कारण यह एक जटिल ऑपरेशन था, डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक किया। डॉ. पंकज ने बताया कि महिला ऑपरेशन के लिए दिल्ली एम्स समेत तमाम बड़े चिकित्सालयों में उपचार करा चुकी थी लेकिन आराम न मिलने पर सुल्तानपुरी,
दिल्ली निवासी महिला इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश आई। बताया कि ऑपरेशन में महिला के ट्यूमर से ग्रसित फेफड़ा, दो पसलियां और लीवर का यह हिस्सा सफलतापूर्वक निकाल लिया गया। मरीज ऑपरेशन के बाद पूरी तरह से स्वस्थ है। सफल सर्जरी करने वाले चिकित्सकीय दल में कैंसर सर्जरी विभाग के डॉ. पंकज गर्ग, डॉ. राजकुमार, डॉ. धर्माराम व एनेस्थीसिया डॉ. निशीथ गोविल शामिल थे।