ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
पर्यावरण दिवस पांच जून को पूरे प्रदेश में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। स्वच्छ भारत, स्वच्छ गढ़वाल, स्वच्छ जनपद और स्वच्छ निकाय के संबंध में जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
स्वच्छता अभियान के बाबत बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने अधिकारियों के साथ बैठक की। अभियान के लिए न्याय पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारी सौंपी और गंभीरता से निर्वहन करने का निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि पांच जून को सभी ग्राम स्तर पर लोगों को जोड़कर सफाई अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने न्याय पंचायत स्तर पर नामित नोडल अधिकारियों को अपनी अपनी ग्राम पंचायतों में समस्त ग्रामवासी, महिला मंगलदल, नवयुवक दल व स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों सहित सभी सरकारी अधिकारियों को सफाई अभियान का हिस्सा बनाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जीएस रावत, जिला पंचायत राज अधिकारी एम. जफर खान, परियोजना निदेशक डीआरडीए विक्रम सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, महाप्रबंधक उद्योग शिखर सक्सेना सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।