तबादला एक्ट : जीओ स्पष्ट नहीं विभागों ने बना दिए अपने नियम
- अपने-अपने तरीके से तबादलों की तैयारी में जुटे हैं सभी विभाग
- कुछ रिक्त पदों का, तो कुछ विभाग कुल कर्मचारियों का 10 फीसदी निकालकर तबादला करने की तैयारी में
बिशन सिंह बोरा
विकासनगर। प्रदेश में कर्मचारियों के तबादलों के लिए एक्ट बना है, जिसके तहत सुगम से दुर्गम और दुर्गम से सुगम में तबादले होने हैं। अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी के एक मई के शासनादेश के अनुसार वर्तमान सत्र में अधिकतम 10 फीसदी तबादले होने हैं। समस्त विभागाध्यक्षों को इसके निर्देश दिए गए हैं, लेकिन विभिन्न विभाग 10 फीसदी तबादलों का अपने-अपने तरीके से अर्थ निकालते हुए कर्मचारियों के तबादलों की तैयारी में जुटे हैं।
कुछ विभाग रिक्त पदों के 10 फीसदी तो कुछ में कुल कर्मचारियों का 10 फीसदी निकालकर कर्मचारियों का तबादला करने की तैयारी है। वहीं, कुछ ऐसे भी विभाग हैं, जो शासनादेश स्पष्ट नहीं होने से अभी असमंजस में हैं। प्रदेश में कर्मचारियों के पारदर्शी तबादलों के लिए तबादला नीति को खत्म कर सरकार की ओर से तबादला एक्ट लागू किया गया, लेकिन एक्ट बनने के बाद जारी शासनादेश में स्थिति स्पष्ट नहीं होने से विभिन्न विभागों की ओर से अपने-अपने नियम बना दिए गए हैं, जिससे पात्र कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। शिक्षा विभाग में टीचरों के कुल रिक्त पदों के 10 फीसदी पदों पर टीचरों के तबादले किए जाने की तैयारी है, विभाग की ओर से इसके लिए पात्र शिक्षकों की सूची भी जारी कर दी गई है। वहीं, चकराता वन प्रभाग में वन रक्षकों, वन दरोगाओं एवं अन्य कुल कर्मचारियों के 10 फीसदी तबादले किए जाने की तैयारी है। वहीं, प्राविधिक एवं सिंचाई विभाग अभी तबादलों को लेकर स्पष्ट नहीं है।
इससे भी हैरानी की बात यह है कि कुछ विभाग जहां कर्मचारियों के पूरे सेवाकाल की सुगम और दुर्गम की सेवाएं जोड़ रहे हैं। वहीं, कुछ राज्य गठन के बाद की सेवाओं को जोड़कर कर्मचारियों के तबादलों की तैयारी में हैं। प्राविधिक शिक्षा विभाग की ओर से विभाग के कर्मचारियों की राज्य गठन के बाद की सुगम और दुुर्गम की सेवाओं को जोड़कर पात्र कर्मचारियों की सूची तैयार की जा रही है। इससे विभाग के कर्मचारियों को पूर्व में दुर्गम में की गई सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। प्राविधिक शिक्षा निदेशक एवं अपर सचिव डॉ. इकबाल अहमद का कहना है कि सुगम और दुर्गम स्टेट बनने के बाद से ही लागू होता है। रहा कर्मचारियों के तबादलों का मामला तो एक्ट के अनुरूप ही तबादले किए जाएंगे, जिस तरह से पिछले वर्ष तबादले हुए हैं उसी के अनुसार इस बार भी तबादले किए जाएंगे।
----
क्या कहते हैं अधिकारी
विभाग में टीचरों के रिक्त पदों के 10 फीसदी पदों पर तबादले होने हैं। इसे लेकर पात्र शिक्षकों की सूची जारी कर दी गई है। -आरएस रावत, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक शिक्षा
----
तबादला शासनादेश में यह स्पष्ट नहीं है कि सृजित पद, कार्यरत पद एवं पात्र पदों में से किसका तबादला होना है और किसका नहीं। स्पष्ट शासनादेश के बाद ही विभाग में तबादले होंगे। -एके दिनकर, प्रमुख अभियंता सिंचाई
----
विभाग में डिवीजन वाइज तबादले होने हैं। कुल वन दरोगा, वन रक्षक एवं अन्य कर्मचारियों के 10 फीसदी तबादले किए जाएंगे। -दीप चंद आर्य डीएफओ चकराता