आम के हरे पेड़ों
पर चलीं आरियां
- मामला सामने आने के बाद अधिकारी कर रहे कोई अनुमति नहीं दिए जाने की बात
- 26 हरे पेड़ काटकर जेसीबी से जमीन के नीचे दबाए ठूंठ
अमर उजाला ब्यूरो
विकासनगर। सेलाकुई कैनाल रोड पर भूमाफियाओं ने आम के 26 फलदार पेड़ों पर आरियां चला दीं। अवैध पातन के बाद लकड़ी की निकासी भी कर दी गई है। जबकि बचे हुए ठूंठ को जेसीबी से जमीन के नीचे दबा दिया गया है। मामला सामने आने के बाद उद्यान विभाग के अधिकारी पेड़ काटने के लिए कोई अनुमति नहीं दिए जाने की बात कर रहे हैं, जबकि वन विभाग के अधिकारी मौके पर टीम भेजकर कार्रवाई की बात कर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं।
सेलाकुई और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर हरे पेड़ों का अवैध पातन किया जा रहा है। कैनाल रोड स्थित बगीचे में एक ही रात में आम के कई पेड़ काट दिए गए हैं। हालांकि मामला प्रकाश में आने के बाद उद्यान विभाग के अधिकारी अब बिना अनुमति के 26 पेड़ काटे जाने की बात स्वीकार रहे हैं। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि बाग में लगभग 100 पेड़ थे, जिन्हें काट दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उनकी जिम्मेदारी अवैध लकड़ी की निकासी को रोकना है। लेकिन यहां वन विभाग भी अपनी जिम्मेदारी को नहीं निभा पाया। भूमाफिया ने बड़ी संख्या में पेड़ों को काटने के बाद लकड़ी की निकासी भी कर दी। जबकि बचे हुए ठूंठ और पेड़ों की शाखाओं को जेसीबी से जमीन के नीचे दबा दिया गया है।
-------------
बयान
आम के पेड़ काटने के लिए उद्यान विभाग की ओर से कोई अनुमति नहीं ली गई है। संबंधित उद्यान सहायक से पूरी जानकारी लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
- एके श्रीवास्तव, जिला उद्यान अधिकारी
---------
विभागीय अधिकारियों की एक टीम मौके पर निरीक्षण के लिए गई थी। जमीन के नीचे पेड़ों के दबे होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- अखिलेश रावत, एसडीओ, वन विभाग