ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
बैंक से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा ने बैंकिंग लोकपाल सुविधा की शुरुआत की है। बैंकिंग लोकपाल के माध्यम से ग्राहक बैंक से जुड़ी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे। इस अवसर पर दून स्कूल की बैंक शाखा का शुभारंभ भी किया गया।
जीएमएस रोड स्थित एक होटल में बैंक की ओर से आयोजित बैंकिंग लोकपाल जागरूकता बैठक में आरबीआई के बैंकिंग लोकपाल एचएस खितौलिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि देना बैंक और विजया बैंक का बैंक ऑफ बड़ौदा में विलय होने के बाद ग्राहकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में बैंक प्रबंधक की ओर से ग्राहकों को बेहतर सुविधा देने के लिए बैंकिंग लोकपाल का शुभारंभ किया है। देशभर में बैंक के ग्राहकों की संख्या 12 करोड़ है। उन्होंने कहा कि बैंक अपने ग्राहकों से किसी भी प्रकार की गोपनीय जानकारी (पासवर्ड, ओटीपी आदि) नहीं मांगता है। ऐसे में किसी भी फोन काल पर अपने बैंक खाते की जानकारी न दें। बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक सूरज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बैंकिंग लोकपाल बैंक के महत्वपूर्ण ग्राहकों की समस्या के समाधान के लिए उपयोगी साबित होगा। बैठक का उद्देश्य बैंक के कर्मचारियों और ग्राहकों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।