ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। टिहरी जिले के नैनबाग में हुए जितेंद्र हत्याकांड की जांच को लेकर केंद्रीय मानवाधिकार आयोग की टीम आज सोमवार को नैनबाग पहुंचेगी। आयोग की वरिष्ठ सदस्य ज्योतिका कालरा के आदेश पर जा रही टीम अब तक प्रदेश सरकार, पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की समीक्षा करेगी। साथ ही पीड़ित परिजनों से भी घटना की जानकारी लेगी।
उल्लेखनीय है कि नैनबाग में जितेंद्र की शादी समारोह में कुर्सी पर बैठ कर कुछ लोगोें ने पीट हत्या कर दी थी। इस पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपियों को अदालत में पेश किया था। वहां से अदालत ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया था। इस हत्याकांड के बाद प्रदेश में सियासत भी गरमा गई थी। मृतक अनुसूचित जाति का होने के कारण राज्य मानवाधिकार आयोग, अनुसूचित जाति जनजाति आयोग समेत कई आयोग अधिकारियों ने गांव का दौरा कर घटना की जानकारी ली थी।
दूसरी ओर इस घटना को लेकर पूर्व राज्यसभा सांसद तरुण विजय ने भी बयान जारी किया है। इनका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुई भाजपा की ऐतिहासिक विजय पिछड़े वर्ग के लिए आशादायक है। उन्होंने कहा कुछ तत्व जातिवाद के विष को बढ़ावा दे रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जितेंद्र हत्याकांड में न्याय मिलने तक वह चुप नहीं बैठेंगे। वह पीड़ित परिवार की मदद को हर समय तैयार हैं।