ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
दूसरी अखिल भारतीय टी-20 चैंपियन ट्रॉफी में टीएसआर और एसीए ने अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। टीएसआर ने राइजिंग स्टार को नौ विकेट और एसीए ने एचसीए को चार विकेट से शिकस्त दी।
रविवार को प्रेमनगर स्थित राम राज क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राइजिंग स्टार की टीम 17.3 ओवर में 76 रनों पर ढेर हो गई। नरेंद्र ने 15 और सागर ने 14 रन बनाए। टीएसआर के रोहित ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सात रन देकर पांच विकेट चटकाए। विकास ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राइजिंग स्टार की टीम ने 6.1 ओवर में एक विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। ओपनर मनीष ने 35 और भरतवीर ने नाबाद 34 रनों की पारी खेली।
दूसरे मुकाबले में एचसीए की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.1 ओवर में 125 रनों पर सिमट गई। विजय ने 27, दीप बौंठियाल ने 22 और गोविंद ने 21 रन बनाए। एसीए के योगेश ने तीन और श्याम व रमन ने दो-दो विकेट चटकाए। जवाब में खेलने उतरी एसीए ने 18.5 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रमन ने 48, योगेश ने नाबाद 21 और समर्थ ने 15 रन बनाए। एचसीए के गोविंद ने तीन विकेट चटकाए।