ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। उत्तराखंड नर्सेज सर्विसेज एसोसिएशन ने स्टाफ नर्सों को 5400 रुपये का ग्रेड पे देने के साथ ही सरकारी अस्पतालों में खाली पड़े 60 फीसदी पदों पर नए सिरे से नियुक्ति करने की मांग उठाई है। इस संबंध में एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मिला और मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा।
मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में नर्सों ने मांग की कि भारतीय सेना व अन्य सेवाओं की तर्ज पर राज्य की स्टाफ नर्सों को भी नर्सिंग अधिकारी का पदनाम दिया जाए। नर्सों के सभी उच्च पदों को पदोन्नति से भरे जाने के साथ ही चारधाम यात्रा में तैनात स्टाफ नर्सों को भोजन, आवास और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जाए। राज्य में तेजी से बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए अस्पतालोें में खाली स्टाफ नर्सों के पदों पर भर्ती की जाए। राज्य के नर्सिंग कॉलेजों में प्रोफेसरों की स्थायी नियुक्ति करने जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। एसोसिएशन पदाधिकारियों को सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से किया जाएगा। मुख्यमंत्री से मिलने वालों में एसोसिएशन की प्रांतीय अध्यक्ष मीनाक्षी जखमोला, महामंत्री कांति राणा, जिलाध्यक्ष इंदु, रेखा बिष्ट आदि शामिल रहीं।