ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की प्रवेश परीक्षा में फिजिक्स के सवालों ने शनिवार को अभ्यर्थियों के पसीने छुड़ा दिए। पहले दिन दो केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया। रविवार को भी दो केंद्रों पर परीक्षा होगी।
शनिवार को कुआंवाला स्थित इओन डिजिटल और सेलाकुई स्थित माया इंस्टीट्यूट में ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। पहली पाली सुबह नौ से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी दोपहर तीन से शाम साढ़े छह के बीच हुई। परीक्षा केंद्रों पर सुबह सात बजे से ही छात्रों ने पहुंचना शुरू कर दिया था। बिना आईडी पहुंचे छात्रों को प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा देने वाले विकास ने बताया कि फिजिक्स के सवाल काफी मुश्किल रहे। छात्रा अनीता ने बताया कि केमिस्ट्री और बायोलॉजी के प्रश्न आसान थे। परीक्षा विशेषज्ञ डीके मिश्रा ने बताया कि फिजिक्स के सवालों का स्तर इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षा जैसा रहा है, जिसकी वजह से छात्रों को परेशानी हुई है। हालांकि बायोलॉजी के करीब 75 से 80 प्रतिशत प्रश्न एनसीईआरटी से लिए गए थे। केमिस्ट्री में प्रश्नों का स्तर सामान्य था। परीक्षा विशेषज्ञ विपिन बलूनी ने बताया कि सामान्य ज्ञान और रिजनिंग के प्रश्न भी औसत दर्जे के रहे। रविवार को भी दोनों केंद्रों पर परीक्षा होगी।