ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
सहसपुर की टीचर कॉलोनी स्थित आरडी एकेडमी में नौनिहालों के लिए आयोजित पांच दिवसीय समर कैंप का शुक्रवार को समापन हुआ। कैंप में नौनिहालों ने जमकर मस्ती की। कैंप के अंतिम दिन की शुरुआत भजन और सत्संग से हुई। इसके बाद नौनिहालों को कंटेंपररी और हिप पॉप डांस सिखाया गया।
ट्रेजर हंट गेम को लेकर भी नौनिहालों में उत्साह बना रहा। इसमें उन्हें संकेतों के जरिए छिपी हुई चीजें ढूंढ निकालनी थी। बच्चों को वेस्ट प्रोडक्टस के उपयोग के गुर भी बताए गए। बच्चों ने निष्प्रयोज्य सामग्री से सजावट की आकर्षक वस्तुएं बनाकर अपनी रचनात्मकता को प्रदर्शित किया। विद्यालय के प्रबंधक रामचरण बौंठियाल ने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से नौनिहालों में खाली समय का सदुपयोग करने, श्रम के प्रति निष्ठा, स्वावलंबन, आत्मविश्वास आदि गुणों का विकास होता है। उन्होंने शिविर में बच्चों को रचनात्मक, कलात्मक गतिविधियों के साथ शारीरिक एवं मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विधाओं के प्रशिक्षण के लिए शिक्षकों की प्रशंसा की।
समापन पर शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान प्रधानाचार्य आरती, सुमिता, पूनम, बबीता, किरन गुप्ता, गीता गुप्ता सहित शिक्षक मौजूद रहे।