ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
दून डिफेंस एकेडमी (डीडीए) ने त्रिकोणीय शृृंखला के फाइनल में अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी (एसीए) को 71 रनों से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया। डीडीए के देवेश लांबा को नाबाद शतकीय पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। फाइनल समेत प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले आदित्य चक्रवर्ती को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया।
बारू क्रिकेट एकेडमी मैदान में बृहस्पतिवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 40 ओवर में चार विकेट खोकर 304 रन बनाए। ओपनर आदित्य चक्रवर्ती और रोहित भट्ट ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। आदित्य ने 50 और रोहित भट्ट ने 25 रनों की पारी खेली। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे देवेश लांबा ने 81 गेंदों में 16 चौकों की मदद से 101 रनों की शानदार पारी खेली। संस्कार थापा ने 50 गेंदों में 66 रन बनाए। एसीए के राज्य ने तीन और शारव ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसीए की टीम निर्धारित 40 ओवर में नौ विकेट खोकर 233 रन ही बना सकी। वेदांश ने 59, आदित्य सिंह ने 35, हर्षवर्धन सिंह ने 30, वैभव तिवारी ने 28 और सम्यक ने 26 रन बनाए। डीडीए के सार्थक रावत ने तीन और अमन कोठियाल, संस्कार थापा, आयुष व आदित्य चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट लिया। आदित्य चक्रवर्ती को मैन ऑफ द सीरीज के अलावा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज भी चुना गया। आयुष को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और देवेश को सर्वश्रेष्ठ फील्डर चुना गया।