ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
लोकतंत्र के महापर्व में दिव्यांगजनों की सहूलियत के लिए तैयार किए विभिन्न सुझावों की पुस्तिका राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (एनआईईपीवीडी) ने मंगलवार को भारत निर्वाचन आयोग समेत जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपी। सुझाव पुस्तिका में चुनाव के दिन दिव्यांगों को मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए आसानी से विभिन्न उपाय लिखे गए हैं।
एनआईईपीवीडी के निदेशक प्रो. नचिकेता राऊत ने मंगलवार को मीडिया को बताया कि वोटर लिस्ट से नाम गायब होने के चलते 11 अप्रैल को हुए आम चुनाव में 126 दिव्यांगजन अपने मत का इस्तेमाल नहीं कर पाए थे। इसके अलावा दिव्यांगजनों को अन्य मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा। भविष्य में ऐसी समस्या न हो इसके लिए चुनाव से पहले कैंप लगाकर वोटर लिस्ट में प्रत्येक व्यक्ति का नाम जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन दिव्यांगों के लिए संस्थान में सुगम मतदान केंद्र बनाया गया था। इससे काफी सहूलियत मिली, लेकिन इसमें अभी काफी सुधार की जरूरत है। इस मौके पर सुझाव पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। जिसे भारत निर्वाचन आयोग और जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपी जाएगी। पुस्तक में भविष्य में होने वाले चुनाव के दौरान दिव्यांगजनों की सहूलियत के लिए विभिन्न उपाय सुझाव गए हैं। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष कमल वीर सिंह जग्गी, सहायक प्राध्यापक आरपी सिंह, जगदीश लखेड़ा, जितेंद्र देव, अंकित प्रधान, योगेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।