ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
तबादला प्रक्रिया का टाइम टेबल गड़बड़ाने पर शिक्षा सचिव डॉ. आर मीनाक्षी सुंदरम ने नाराजगी जताई है। इस बाबत उन्होंने बुधवार को अधिकारियों की बैठक बुलाई है।
शिक्षा विभाग में तबादलों की प्रक्रिया तय शेड्यूल से पीछे चल रही है। विभाग ने अनिवार्य तबादलों के लिए 20 मई तक सभी जिलों को रिक्तता और पात्रता सूची अपलोड करने का समय दिया था, लेकिन मंगलवार तक जिलों से यह सूचना नहीं मिली है। अब शिक्षकों को 30 तक विकल्प देने हैं। ऐसे में इस प्रक्रिया में भी देर हो सकती है।
शिक्षा सचिव डॉ. आर मीनाक्षी सुंदरम के अनुसार तय समय पर सभी प्रक्रियाएं पूरी नहीं होंगी तो तबादले का पूरा शेड्यूल गड़बड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी चरणों के लिए एक टाइम टेबल रखा गया है। उन्होंने बताया कि बुधवार को अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें तबादले को लेकर चर्चा होगी।
आज भी नहीं भेजी सूची
देहरादून। शिक्षकों के रिक्त पदों और तबादलों के लिए पात्र शिक्षकों की सूची मंगलवार को भी निदेशालय को नहीं मिल सकी। तबादलों के नोडल अफसर वीरेंद्र सिंह रावत के अनुसार बुधवार तक सभी जिलों से सूची अपलोड हो सकती हैै। इसके बाद शिक्षकों को विकल्प भरने का समय दिया जाएगा। इसके बाद आगे की प्रक्रिया की जाएगी।