ब्यूरो/ अमर उजाला, विकासनगर।
ब्लॉक के दूरस्थ राजकीय हाईस्कूल डांडापुर की कक्षा नौ में अध्ययनरत छात्रा सादिया ने राष्ट्रीय स्तर पर अपने विद्यालय और ब्लॉक का नाम रोशन किया है। छात्रा का चयन भारत सरकार की ओर से संचालित नेशनल मींस कम मैरिट स्कॉलरशिप के लिए हुआ है।
इसके तहत कक्षा 12 तक सादिया को प्रतिमाह एक हजार की धनराशि बतौर छात्रवृत्ति केंद्र सरकार की ओर से दी जाएगी। छात्रवृत्ति के लिए चयन होने पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से सोमवार को सादिया को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल डांडापुर के छात्रवृत्ति प्रभारी विजय द्विवेदी ने बताया कि इस छात्रवृत्ति के लिए कक्षा आठ के छात्र-छात्राएं आवेदन करते हैं, जिन्हें कक्षा नौ से छात्रवृत्ति दी जाती है। गत वर्ष सादिया सहित विद्यालय के चार अन्य छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। छात्रवृत्ति के लिए फरवरी माह में पात्रता परीक्षा हुई। इसका परिणाम मई में घोषित किया गया।
इसमें विद्यालय की छात्रा का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। छात्रा सादिया ने बताया कि छात्रवृत्ति के तौर पर मिलने वाली राशि का उपयोग वह अपनी उच्च शिक्षा के लिए करेगी। प्रधानाचार्य दिनेश तिवारी ने सादिया की इस उपलब्धि को ग्रामीण क्षेत्रों में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में सहायक बताया। समारोह में छात्रा के पिता जाबिर हसन, ग्राम प्रधान आबिदा, फुरकान, पूनम पुंडरी, संगीता, उमा बिष्ट, रचना, विजेंद्र, रुखसाना, रविंद्र, शबनम, मुस्कान, साहिबा, जुबैर, सचिन, सालिम, राकिब आदि मौजूद रहे।