ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
अंतिम चरण के चुुनाव के तहत हिमाचल प्रदेश में रविवार को मतदान होना है। मतदान के दौरान सुरक्षा को लेकर शनिवार शाम से ही पछवादून और जौनसार बावर के बॉर्डर वाले क्षेत्रों में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
उत्तराखंड की सीमा से हिमाचल जाने वाले वाहनों की कड़ी तलाशी ली जा रही है। बॉर्डर क्षेत्र में उत्तराखंड पुलिस भी अलर्ट पर है। पछवादून से हिमाचल प्रदेश का बॉर्डर कुल्हाल और डाकपत्थर से लगता है। जबकि, जौनसार बावर क्षेत्र की सीमांत तहसील त्यूनी से भी हिमाचल प्रदेश की सीमा शुरू होती है। पछवादून के हरबर्टपुर से कुल्हाल-पांवटा होते हुए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के लिए यात्री वाहन जाते हैं। जबकि, इन दिनों यात्रा सीजन होने के चलते चारधाम जाने वाले कई यात्री वाहन भी हिमाचल के रास्ते पछवादून में प्रवेश करते हैं। रविवार को होने वाले लोकसभा चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की पुलिस सीमावर्ती इलाकों में कड़ी चौकसी बरत रही है। कुल्हाल के रास्ते हिमाचल में प्रवेश करने वाले वाहनों की उत्तराखंड सीमा के साथ ही हिमाचल की सीमा में प्रवेश के दौरान भी तलाशी ली जा रही है।
उधर, सीओ बीएस धोनी ने बताया कि हिमाचल में चुनाव को देखते हुए सीमा से लगे डाकपत्थर, कुल्हाल, बद्राणु और तुनिया में नाका लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है।