ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
साहिया। जौनसार बावर परगने के जोगियो गांव में चार दिवसीय पांचोई मेले का आगाज हो गया। बुधवार को मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मेले में रामलीला का मंचन किया गया।
इससे पूर्व ग्रामीणों ने नानसा महासू देवता मंदिर में पूजा अर्चना की। सुबह 11 बजे देवता की पालकी दर्शनों के लिए गर्भगृह से बाहर लाई गई। देव पालकी के बाहर आते ही मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु देव पालकी को पांचोई थात ले गए, जहां जोगियो, सणोऊ, थणथा, खारसी, समोग, मंजगांव, सेजाड़, बिजनू, विशलाड़, अठगांव, तपलाड़, भौंदूर आदि कई गांवों और खतों से आए ग्रामीणों ने देव दर्शन किए। इसके बाद शाम छह बजे पूजा अर्चना कर देव पालकी को गर्भगृह में स्थापित किया गया।
देव पूजन के बाद कलाकारों ने रामलीला का मंचन किया। तीन दिनों तक चलने वाली रामलीला की शुरुआत पुष्प वाटिका और दशरथ दरबार से हुई। पहले दृश्य में दशरथ अपने दरबारियों के साथ बैठे दिखाई दिए, जिसमें पुत्र प्राप्ति के लिए यज्ञ करने का निर्णय लिया गया। दशरथ ने तीनों रानियों के साथ यज्ञ किया। रामलीला मंचन के बाद स्थानीय कलाकारों ने प्रस्तुतियां दी। बारू आर्य ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत महासू वंदना से की। इसके बाद दिनेश और कृतना भारती ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा।
इस दौरान पुजारी नारायण दत्त जोशी, कुंदन सिंह, भजन सिंह, सूर्यपाल चौहान, संदीप चौहान, रमेश चौहान, आनंद चौहान, खजान सिंह, श्याम सिंह, संदीप, अनिल चौहान, संजय कुमार, बलवीर सिंह आदि मौजूद रहे।