ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
तहसील क्षेत्र अंतर्गत लखनवाला नेवट में निजी कंपनी की ओर से मोबाइल टावर लगाने का स्थानीय लोगों ने विरोध किया है। ग्रामीणों ने बुधवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर टावर निर्माण पर रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि घनी आवासीय बस्ती में गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा अपनी जमीन पर निजी संचार कंपनी का मोबाइल टावर लगवाया जा रहा है। इसके लिए दून घाटी विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण से अनुमति भी नहीं ली गई है। आसपास की बस्तियों में पहले से ही मोबाइल टावर लगे हुए हैं, जो लोगों की सेहत पर असर डाल रहे हैं। बस्ती में टावर लगाने के विरोध के बावजूद निजी संचार कंपनी ने नियम कायदों को ताक पर रखकर काम शुरू कर दिया है। टावर लगने से महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गो के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ने का खतरा पैदा हो गया है।
ग्रामीणों ने एसडीएम से टावर निर्माण पर रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में एसके तिवारी, सुमन तिवारी, विनीत तिवारी, साक्षी तिवारी, सुमित तिवारी, प्रेमलता, कमलेश, दौलत राम आदि शामिल रहे। उधर, एसडीएम कौस्तुभ मिश्र ने कहा कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।