ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
मसूरी। लोक निर्माण विभाग, मसूरी नगर पालिका परिषद, राष्ट्रीय राजमार्ग, वन विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुधवार को अभियान चलाकर मसूरी-देहरादून मार्ग के अवैध निर्माण तोड़े और अनाधिकृत होर्डिंग, बैनर भी हटाए। अभियान के दौरान कई कई लोगों ने अपने अतिक्रमण खुद ही हटा लिए।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता पंकज अग्रवाल ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को मसूरी-देहरादून मार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे कई अतिक्रमण और निर्माण जेसीबी से तोड़े गए। मसूरी कोल्हूखेत से भट्टा गांव तक कई अतिक्रमण और निर्माण ढहाए गए। इस दौरान कई लोगों अवैध निर्माण खुद ही तोड़ दिए। बृहस्पतिवार को एसडीएम मसूरी गोपाल राम के नेतृत्व में भट्टा गांव से मसूरी की ओर का सड़क किनारे के अतिक्रमण और निर्माण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। अभियान में अधिशासी अधिकारी एमएल शाह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।