ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सोमवार को हाईस्कूल के परिणाम घोषित कर दिए। इसमें मेधावियों की सूची में बेटियों का बोलबाला रहा। पछवादून से टॉप थ्री में बेटियां छाई हुईं हैं।
सेपियंस स्कूल लाइन जीवनगढ़ की छात्रा अंशिका गुप्ता ने 98.8 फीसदी अंक प्राप्त किए। वहीं, इसी स्कूल की वैदिका चौहान ने 98.2 फीसदी, जबकि सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल विकासनगर की कनिका पांडे ने 98.4 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। गुरुनानक मिशन पब्लिक स्कूल के छात्र चंदन रोहिला ने 98 फीसदी। वहीं, सेंट मैरी स्कूल की संस्कृति शर्मा ने 97.4 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। क्षेत्र में सोमवार सुबह से रिजल्ट पर छात्र-छात्राओं की निगाहें लगी रहीं। दोपहर बाद जैसे ही परिणाम घोषित हुए छात्र-छात्राओं के साथ ही उनके परिजन परिणाम देखने में जुट गए। रिजल्ट देख छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे। उन्होंने एक दूसरे को मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
----
छोटे शहर की बड़ी प्रतिभाएं :
वैदिका ने बढ़ाया माता-पिता का मान
सेपियंस स्कूल की छात्रा वैदिका चौहान ने 98.2 फीसदी अंक लाकर माता-पिता का मान बढ़ाया। तीन भाई बहनों में दूसरे नंबर की वैदिका सेना में अफसर बनकर देश सेवा करना चाहतीं हैं। वैदिका के पिता मोहन सिंह चौहान व्यवसायी और मां उर्मिला चौहान शिक्षिका हैं।
वैदिका ने अंग्रेजी में 100 और सामाजिक विज्ञान में 99 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। वे बतातीं हैं कि नियमित रूप से चार से पांच घंटे की कड़ी मेहनत के बाद यह सफलता पाई है। वे अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता और गुरुजनों को देतीं हैं।
-----
सक्सेस मंत्र : सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं हैं। नियमित रूप से कड़ी मेहनत करें। कड़े परिश्रम का इनाम जरूर मिलता है। एकाग्र होकर पढ़े और खूब मेहनत करें।