पछवादून बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को संपन्न हुआ। चुनाव अधिकारी अनिल कांडपाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष संदीप बर्त्वाल को शपथ दिलाई। जिसके बाद अध्यक्ष ने अन्य सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रहे क्षेत्रीय विधायक मुन्ना चौहान ने कहा कि न्याय दिलाना कोई पेशा नहीं बल्कि धर्म है। लिहाजा न्याय प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन करना जरूरी है।
आयोजित समारोह में विधायक ने कहा कि न्याय मिलना प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है। न्याय प्रणाली यह सुनिश्चित करती है कि किसी भी व्यक्ति का किसी भी तरह का शोषण न हो। साथ ही न्याय समय पर मिलना भी जरूरी है। उन्होंने अधिवक्ताओं से प्रत्येक पीड़ित व्यक्ति को निष्पक्ष न्याय मिलना सुनिश्चित करने को कहा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष संदीप बर्त्वाल ने कहा कि अधिवक्ताओं के हितों के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।
कहा कि ढकरानी कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं को चेंबर मुहैया कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस दौरान परिवार न्यायालय के न्यायाधीश अजय चौधरी, अपर जिला जज नसीम अहमद, सिविल जज सीनियर डिविजन मदनराम, सिविल जज जूनियर डिविजन रमेश चंद्र बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के सदस्य राकेश गुप्ता, योगेंद्र तोमर, राजवीर सिंह बिष्ट, एमएस पंवार, सुरेंद्र मित्तल, मनोज शर्मा, त्रिलोक सिंह राजपूत, राजेश वर्मा आदि मौजूद रहे।