ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं के मूल्यांकन की तैयारियां पूरी हो चुुकी हैं। शनिवार से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हो जाएगा। पछवादून के राजकीय इंटर कॉलेज हरबर्टपुर को भी मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। यहां शुक्रवार को सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गईं। शुक्रवार देर शाम तक विद्यालय परिसर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम कर लिए गए।
20 अप्रैल से चार मई तक चलने वाले मूल्यांकन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए उप नियंत्रक महावीर सिंह चौहान ने परीक्षकों के साथ बैठककर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि केंद्र पर कुल 67 परीक्षक 24 हजार उत्तर पुस्तिकाओं को जांचेंगे। बता दें, कि प्रत्येक वर्ष अप्रैल के शुरुआत में होने वाला बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन इस बार लोकसभा चुनाव के चलते देरी से शुरू होगा। इसके चलते 10 दिनों तक चलने वाले मूल्यांकन को इस बार 16 दिनों के लिए किया गया है। मूल्यांकन के पर्यवेक्षक आरपी अग्रवाल ने बताया कि मूल्यांकन के पहले दिन सुबह साढ़े नौ बजे परीक्षकों को मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण देंगे। उसके बाद उप प्रधान परीक्षकों के दिशा-निर्देशन में प्रश्नपत्रों का आदर्श हल तैयार कर मूल्यांकन प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मूल्यांकन से पूर्व कार्यशाला में सभी परीक्षकों का उपस्थित होना अनिवार्य है।