ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
बिस्सू मेले के समापन पर बृहस्पतिवार रात लाखामंडल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें गढ़वाल और जौनसार बावर की मशहूर लोक गायिका रेशमा शाह ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। साथ ही अन्य स्थानीय लोक कलाकारों ने अपने गीतों से दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया।
लोक गायिका रेशमा शाह ने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत यमुना पार बिजोरिए, जांदी मेरी बिजोरिए... गीत से की। इसके बाद उन्होंने जमुना को पाणी, अगलाड़े की माछी...गीत की प्रस्तुति दी। साथ ही उन्होंने रवाईं, जौनपुर के पारंपरिक गीतों पर श्रोताओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। स्थानीय लोक गायक सुंदर प्रेमी ने आगोई भूतों की मेना, ओ पियारे लालमती पाणी की हसूना... गीत से खूब वाहवाही लूटी। डब्ल्यू आर्य ने फूली जाली फुलियात... गीत से बिस्सू पर्व का वर्णन किया। रोहन शर्मा ने ओ छोरी कुणावरी... गीत गाकर युवाओं रिझाया। वहीं, अंकित सेमवाल, कृपा राम कंवर, लक्की उनियाल, अरविंद राणा ने लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति दी। इस दौरान बचना शर्मा, बाबूराम शर्मा, नरेश बहुगुणा, विरेंद्र सिंह, राजा, आशीष बहुगुणा, नरेंद्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।