ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
कालसी। खुरड़ी थात में मनाए जा रहे पौराणिक बिस्सू मेला और क्रीड़ा प्रतियोगिता के दूसरे दिन जूनियर वर्ग कबड्डी का फाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें भंजरा ने 22-15 के अंतर से टिमरा को हराकर खिताब कब्जाया।
इससे पूर्व पहला सेमीफाइनल टिमरा और अतलेऊ के बीच खेला गया। इसमें टिमरा ने 26-20 के अंतर से जीत दर्ज की। जबकि, दूसरे सेमीफाइनल में भंजरा ने जितोऊ को 25-18 के अंतर से पटखनी दी। जूूनियर वर्ग के फाइनल मुकाबले के बाद सीनियर वर्ग के गांव वाइज मुकाबले शुरू हुए। पहले मुकाबले में उपरौली ने देसेऊ को हराया। जबकि, सिमोग और डांडा के बीच मुकाबला बराबरी का रहा।
क्रीड़ा प्रतियोगिता के साथ ही जौनसार बावर में बिस्सूू पर्व का तीसरा दिन पारंपरिक अंदाज में मनाया गया। गांवों के पंचायती आंगनों में लोकगीतों और लोकनृत्यों की धूम रही। ग्रामीणों ने ठोड़ा नृत्य पर तीरंदाजी में दांवपेंच आजमाए। जबकि महिलाओं ने तांदी, हारुल, जैंता नृत्य से लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। मसराड़ स्थित शिलगुर देवता मंदिर में बारह गांवों के ग्रामीणों ने सामूहिक तौर पर बिस्सू मनाया। इस दौरान मंदिर परिसर को बुरांस के फूलों से सजाया गया। विधि विधान पूर्वक देव पालकी दर्शन के लिए गर्भगृह से बाहर निकाला गया। 12 गांव के ग्रामीणों ने शिलगुर देवता की पूजा अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली की मन्नत मांगी। देव दर्शन के बाद मंदिर परिसर में ठोड़ा नृत्य किया गया। रात में जागरण कर देवता से सुख समृद्धि की कामना की।