ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
गौतम ऋषि की तपस्थली गंगभेवा बावड़ी में रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बैसाखी मेले में दूसरे दिन हिमाचल और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने गंगभेवा बावड़ी में डुबकी लगाई। मेले में खरीदारी के लिए दिन भर लोगों की भीड़ लगी रही।
मेले में रविवार को लोगों ने मिट्टी के बर्तनों के साथ ही कृषि औजारों की जमकर खरीदारी की। गर्मी शुरू होने के कारण मिट्टी के घड़ों और सुराही की बिक्री भी खूब हुई। मेला स्थल पर लगे मनोरंज के साधनों में झूला, चरखी, रेलगाड़ी, डायनासोर आदि को बच्चों ने खूब लुत्फ उठाया। स्थानीय निवासी सतीश के मुताबिक मेले में हर साल की तरह इस साल भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि मेले में खरीदारी करने से पहले लोगों ने पवित्र बावड़ी में स्नान कर गंगेश्वर महादेव की पूजा अर्चना की। मेले में पछवादून और हिमाचल प्रदेश के साथ ही उत्तर प्रदेश के बेहट, मिर्जापुर, कलसिया से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।