ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
कुल्हाल पंचायत की धौलातप्पड़ वन गुर्जर बस्ती के 200 मतदाताओं को मतदान करने के लिए सात किमी की दूरी पैदल नापनी पड़ेगी। तिमली रेंज के जंगल में बसी इस बस्ती में निर्वाचन आयोग की ओर से मतदान केंद्र नहीं बनाया गया है।
कालसी भूमि संरक्षण वन प्रभाग की तिमली रेंज में वन गुर्जरों के 80 परिवारों की स्थाई बस्ती है। यहां वन गुर्जरों की 500 की आबादी पिछले 50 वर्षों से कच्चे मकानों में गुजर बसर कर रही है। बस्ती में मूलभूत सुविधाएं नहीं होने के कारण मतदान केंद्र नहीं बनाया गया है। यहां सरकारी सुविधा के नाम पर टीन शेड में चलने वाला एक गैर आवासीय शिक्षा केंद्र है। स्थानीय निवासी लियाकत, शब्बीर, गुलाम हुसैन, गुलाम रसूल, बशीर, अहमद अली ने बताया कि वन विभाग का कानून आड़े आने से बस्ती में पक्के आवास बनाने की अनुमति नहीं मिल रही है। बस्ती के लोग मतदाता पंचायत से लेकर विधानसभा और लोकसभा के चुनाव में हर बार अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं। बताया कि इस चुनाव में भी बस्ती का प्रत्येक मतदाता सात किमी की दूरी पैदल नापकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए तैयार है।