ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
साहिया। कालसी प्रखंड के साहिया और आसपास के गांवों में पिछले कुछ दिनों से आवारा कुत्तों से दहशत बनी हुई है। क्षेत्र में पिछले छह माह में आवारा कुत्ते 20 बकरियों को अपना शिकार बना चुके हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। सोमवार को बडनू गांव में आवारा कुत्तों ने चार बकरियों को अपना शिकार बनाया। इससे पहले कुत्ते डामटा गांव में पांच, बराड़ में चार, गड़ेता, पानुवा और दातनू में दो-दो बकरियों को शिकार बना चुके हैं। स्थानीय निवासी बारू तोमर, जालम सिंह, प्रीतम सिंह, पूरण सिंह, दीवान सिंह, माया सिंह, अजब सिंह, भाव सिंह आदि ने बताया कि आवासीय बस्तियों के साथ ही जंगलों में कुत्ते अक्सर घूमते रहते हैं और झुंड में आकर बकरियों पर हमला कर देते हैं। इनके आतंक से बच्चों का भी घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
उधर, तहसीलदार कालसी एसपी उनियाल ने बताया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।