ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
तहसील क्षेत्र की अल्पसंख्यक बाहुल्य पंचायत ढालीपुर में ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए ग्रामीणों ने एसडीएम से कब्जा छुड़ाने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत की खाली पड़ी जमीन पर गांव के ही कुछ दबंग लंबे समय से अतिक्रमण कर रहे हैं। इससे पशुओं के चारागाह और बच्चों के खेलने के लिए मैदान की कमी पैदा हो गई है।
सोमवार को ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन मेें बताया कि कुछ लोग ग्राम समाज की जमीन पर लंबे समय से कब्जे कर निर्माण कार्य करा रहे हैं। जमीन पर अतिक्रमण होने से यहां से गुजरने वाला संपर्क मार्ग भी संकरा हो गया है। साथ ही ग्राम समाज की जमीन भी पंचायत के कब्जे से बाहर हो रही है। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जमीन को कब्जा मुक्त कराने की गुहार लगाई है।
ज्ञापन सौंपने वालों में अशफाक, रुखसाना, इसरत, जमीला, मुकेश, सुमन, साऊद, मुस्तकीम आदि शामिल रहे। उधर, एसडीएम कौस्तुभ मिश्र ने बताया कि तहसीलदार को प्रकरण की जांच कर उचित विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।