ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
शिक्षक का कार्य समाज में ज्ञान का प्रकाश फैलाकर कुरीतियों का नाश करना होता है। शिक्षक कभी अपनी जिम्मेदारियों से सेवानिवृत्त नहीं होता। ये बातें खंड शिक्षाधिकारी वीपी सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज हरबर्टपुर में आयोजित विदाई समारोह में कहीं।
शनिवार को हरबर्टपुर कॉलेज से सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षक अशोक कुमार सिंह और उदयराज सिंह के सम्मान समारोह में बतौर पर मुख्य अतिथि पहुंचे बीईओ ने सेवानिवृत्त शिक्षक को अपने अनुभवों का लाभ नई पीढ़ी को देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्कूलों में छात्रों को शिक्षा देने के बाद समाज को शिक्षित करना भी शिक्षक का कर्तव्य है। प्रधानाचार्य महावीर चौहान ने अवकाश प्राप्त शिक्षक के पेंशन सहित अन्य सभी प्रकरणों को शीघ्र निपटाने का आश्वासन दिया।
बता दें, सेवानिवृत्त शिक्षक एके सिंह के पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों के तहत हरबर्टपुर कॉलेज को चार वर्ष पूर्व वृक्ष मित्र के पुरस्कार से नवाजा गया था। सेवानिवृत्त शिक्षक ने विद्यालय में पंचवटी वाटिका, नवग्रह वाटिका, नक्षत्र वाटिका और धनवंतरी वाटिका लगाकर छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने के साथ ही भारतीय ज्योतिष का ज्ञान भी दिया। विदाई समारोह में हाई स्कूल मदर्सू के प्रधानाचार्य आरपी अग्रवाल के साथ ही शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
------
शिक्षिका प्रेमलता को किया सम्मानित
विकासनगर। प्राथमिक विद्यालय लक्खनवाला की शिक्षिका प्रेमलता को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर शनिवार को पछवादून विकास मंच ने सम्मानित किया। मंच संयोजक अतुल शर्मा ने कहा कि शिक्षक दीपक के समान होता है, जो समाज में ज्ञान के प्रकाश का संचार करता है। शिक्षक का सम्मान करना समाज का दायित्व है। इस दौरान ग्राम प्रधान विकास पटेल, गुलफाम अहमद, मुकेशराज शर्मा, फरमान अली, ऊषा रानी, शाहिदा बेगम, रजनी आदि मौजूद रहे।