ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
सहसपुर प्रखंड के सात दुर्गम गांवों की 20 हजार की आबादी को शीघ्र ही बारिश में होने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी। लोक निर्माण विभाग ने गुलाटा नदी पर पांच करोड़ की लागत से पुल निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। गुलाटा नदी पर आजादी के बाद से ही पुल निर्माण की मांग की जा रही थी।
बता दें, सहसपुर प्रखंड की गुलाटा नदी पर पुल नहीं होने से पालावाली, बैठकवाली, कांसवाली, कंडोली, डूंगा, मांडूवाला और ढाकोवाली गांवों की 20 हजार की आबादी को बरसात में घरों में ही कैद होना पड़ता है। स्थानीय ग्रामीण श्याम सिंह, प्रमोद कुमार, नितिन प्रकाश, चौबे दास, संपूर्ण सिंह ने बताया कि बरसात में नदी उफान पर रहती है, जिसके चलते ग्रामीणों का संपर्क नाते रिश्तेदारों से भी टूट जाता है। ग्रामीण बरसात से पूर्व ही तीन माह के लिए राशन और अन्य सामग्री घरों में जमा करके रख देते हैं।
नदी पर पुल निर्माण नहीं होने से अन्य क्षेत्रों के लोग अपनी बेटियों की शादी इन गांवों में करने से कतराने लगे हैं। बताया कि पांच वर्ष पूर्व बरसात में नदी पार करते समय दो ग्रामीणों की बहकर मौत भी हो चुकी है। आजादी के बाद से ही स्थानीय लोग नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड ने नदी पर पुल निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने लोनिवि से शीघ्र निर्माण कार्य पूरा करने की मांग की है।