ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
पछवादून में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे लगे निर्माण सामग्री के ढेर दुर्घटनाओं केे न्योता दे रहे हैं। राजमार्ग के दोनों किनारों पर स्थानीय लोगों के साथ ही व्यापारी भी निर्माण सामग्री रख देते हैं। साथ ही राजमार्ग किनारे वाहन खड़ा कर निर्माण सामग्री लादी जाती है। इससे कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकीं हैं।
एनएच पर पथ प्रकाश की व्यवस्था नहीं होने से दोपहिया वाहन चालक और राहगीर अक्सर चोटिल हो जाते हैं। बावजूद इसके एनएच अधिकारी निर्माण सामग्री से हो रहे अस्थायी अतिक्रमण पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। पछवादून से होकर दिल्ली-यमुनोत्री और देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरता है। दोनों ही एनएच किनारे कई कस्बे और शहरी इलाके हैं। इनमें निर्माण कार्य होते रहते हैं। सीमित जगह में आवासीय भवनों का निर्माण किए जाने से लोगों के पास निर्माण सामग्री रखने का पर्याप्त स्थान नहीं होता, लिहाजा अधिकतर निर्माण सामग्री एनएच के किनारों पर ही पड़ी रहती है। साथ ही व्यापारी भी एनएच किनारे ईंट, पत्थर आदि रखते हैं और वहीं से वाहनों में निर्माण सामग्री लादी जाती है।
उधर, लोनिवि एनएच खंड के अधिशासी अभियंता जेएस रावत ने बताया कि लोकसभा चुनाव समाप्त होने के बाद एनएच पर अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।