ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
पछवादून में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और होल्डिंग लगाने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाएंगे। एसडीएम कौस्तुभ मिश्र ने संबंधित विभागों को जिम्मेदार मानते हुए ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में सरकारी विभागों और ग्राम पंचायतों की जमीन पर अवैध कब्जे हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर सरकारी जमीन पर अवैध होल्डिंग भी लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जल विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए गए हैं कि बगैर विभागीय अनुमति के सरकारी भूमि पर लगाए गए होल्डिंग तत्काल हटाए जाएं। इसके अलावा समस्त लेखपालों को भी सरकारी एवं ग्राम पंचायतों की भूमि से अवैध कब्जे हटाने के लिए कहा गया है। एसडीएम ने कहा कि लेखपालों को निर्देशित किया गया है कि यदि किसी के क्षेत्र में अवैध कब्जे होते हैं तो संबंधित क्षेत्र का लेेखपाल इसके लिए जिम्मेदार होगा।