पछवादून और जौनसार बावर परगने के शिक्षण संस्थानों में मंगलवार को छात्र-छात्राओं ने जमकर अबीर, गुलाल उड़ाया। इस दौरान छात्रों ने एक दूसरे को तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय विकासनगर प्रथम में आयोजित होली मिलन समारोह के तहत नौनिहालों ने होली के पारंपरिक गीत गाए। समारोह का शुभारंभ नौनिहालों ने रंग भंग दोनों चढ़ता है बाबूजी को होली में, उछलकूद जमकर करते हैं बाबूजी तब होली में... गाकर किया। इसके बाद होली खेलूंगा मैं राधा तेरे संग.., होरी खेले रघुवीरा अवध में होरी खेले रघुवीरा... गीत पर जमकर अबीर गुलाल उड़ाया। बोर्ड परीक्षा दे रहे छात्रों ने भी परीक्षा कक्ष से बाहर आने के बाद जमकर होली खेली। इस दौरान बीआरपी योगेंद्र नेगी, प्रकाश चौहान, प्रधानाध्यापिका बनीता रावत, दीपा रानी, रविता, शमा आदि मौजूद रहे।
साथ ही प्राथमिक विद्यालय डोभरी, जूनियर हाईस्कूल रुद्रपुर, प्राथमिक विद्यालय केदारावाला, एसबी कॉलेज विकासनगर, कंबाइंड पब्लिक स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर बाबूगढ़, एसजीआरआर विकासनगर में छात्र-छात्राओं ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
महिलाओं ने की खरीदारी
होली पर गुझिया और अन्य मिठाई बनाने के लिए मंगलवार को महिलाओं ने बाजार में जमकर खरीदारी की। इसके साथ ही होलिका दहन की तैयारियों के लिए जमकर खरीदारी हुई। वहीं, रंग, गुलाल और पिचकारी खरीदने के लिए बच्चों के साथ ही युवाओं और महिलाओं में भी खासा उत्साह रहा।