डीपीएस रानीपोखरी में नए सत्र से नहीं होंगे एडमिशन
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। डीपीएस रानीपोखरी में शैक्षणिक सत्र 2019-20 में नए प्रवेश नहीं होंगे। बिना मान्यता विद्यालय का संचालन करने समेत कई अन्य अनियमितताओं पर कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग ने इस स्कूल में प्रवेश प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। वहीं, बिना नक्शा पास कराए निर्माण पर साडा ने भी स्कूल भवन को सील करने के आदेश दिए हैं।
शिक्षा विभाग को शिकायत मिली कि लीज पर ली गई जिस जमीन पर स्कूल होने का उल्लेख किया जा रहा है, वहां अभी भवन बन रहा है। जबकि विद्यालय का संचालन किसी अन्य भवन में हो रहा है। इस भवन का निर्माण बिना अनुमति और नक्शा पास कराए किया गया है, इसलिए दून घाटी विशेष क्षेत्र प्राधिकरण (साडा) ने सील करने के आदेश जारी किए हैं। इसके अलावा विद्यालय में रोक के बावजूद प्रत्येक छात्र से भवन निर्माण के नाम पर 1000-1000 रुपये वसूले जाने की भी शिकायत मिली। विद्यालय में एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू नहीं किया गया और छात्रों को महंगी दरों पर निजी प्रकाशकों की किताबें खरीदने के लिए भी मजबूर किया गया। विभाग ने जांच कराई तो अधिकांश शिकायतें सही पाई गई। इस पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आशारानी पैन्यूली ने नए प्रवेश पर रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं।
--
स्कूल का संचालन बिना मान्यता के किया जा रहा था। विद्यालय भवन को साडा सील कर रहा है। ऐसे में विद्यालय प्रबंधन को छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। नए सत्र से विद्यालय में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
- आशारानी पैन्यूली, मुख्य शिक्षा अधिकारी
--
सीलिंग नोटिस के जवाब में स्कूल प्रबंधन की ओर से संशोधित नक्शा पास कराने के लिए भेजा गया है लेकिन लैंडयूज समेत कई अन्य खामियां अब भी बनी हुई हैं। ऐसे में स्कूल भवन के खिलाफ जल्द सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
- सुंदर सेमवाल, सचिव, साडा