ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर
जौनसार बावर परगने में बृहस्पतिवार को हुई बारिश के कारण मलबा आने से दमन-दसोऊ मोटर मार्ग बाधित हो गया। इससे क्षेत्र में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। बारिश से क्षेत्र के ऊंचाई वाले स्थानों में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है।
बृहस्पतिवार को बारिश के साथ आंधी आने से कोटी, डिमिच, दसोऊ और कई अन्य गांवों में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। बारिश के बाद चकराता और आसपास के क्षेत्रों के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। कुछ दिनों से मौसम खुला होने के बाद एक बार फिर स्थानीय लोगों को कड़ाके की सर्दी से जूझना पड़ रहा है।
जबकि, दमन-दसोऊ मोटर मार्ग से जुुड़े ग्रामीण सीताराम, बलवीर सिंह, सरदार सिंह, चमन सिंह आदि का कहना है कि मार्ग पर सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं होने से अक्सर हल्की बारिश में भी मार्ग बंद हो जाता है। स्थानीय लोगों ने पीएमजीएसवाई से मार्ग को खोलने की मांग की है। उधर, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता बीसी पंत ने बताया कि मार्ग को खोलने का काम शुक्रवार से शुरू कर दिया जाएगा।