ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
नगर पालिका विकासनगर की पांच समितियों की चुनाव प्रक्रिया में शनिवार को नाम वापसी की अंतिम तिथि पर किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। इसके चलते सिर्फ कांग्रेस और निर्दलीय सभासदों के निर्वाचित होने की संभावना बन गई है।
वहीं, सूत्रों के अनुसार किसी राजनेता के दबाव में पूरी चुनावी प्रक्रिया निरस्त कराने की बात सामने आ रही है। बता दें कि नगर पालिका विकासनगर की समितियों के चुनाव में सत्ताधारी भाजपा के किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया है। ऐसे में शनिवार को बोर्ड बैठक के दौरान भाजपा सभासदों ने चुनाव प्रक्रिया निरस्त को लेकर अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी पर दबाव बनाया। इसका कांग्रेसी सभासदों ने विरोध किया। इसके चलते बोर्ड बैठक एक घंटे देरी से शुरू हुई। दोपहर दो बजे तक किसी भी सभासद ने नाम वापस नहीं लिया था। कांग्रेस सभासदों का आरोप है कि क्षेत्र के एक सत्ताधारी के दबाव में पालिका प्रशासन ने निर्दलीय सभासदों से नाम वापस लिए जाने के प्रयास किए। इस सबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी बीएल आर्य ने बताया कि दोपहर दो बजे बाद कार्यालय से निकल जाने के कारण उन्हें नाम वापसी की कोई जानकारी नहीं है।