ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
कालसी। प्रदेश सरकार की ओर से संचालित कायाकल्प योजना के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालसी को देहरादून जिले में प्रथम स्थान मिला है। राजधानी देहरादून में संपन्न हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पीएचसी कालसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव दीक्षित को दो लाख की धनराशि का चेक तथा प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।
बता दें, सरकार की ओर सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकीय सुविधाओं सहित साफ सफाई तथा नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के मानक तय कर मानकों पर खरा उतरने पर कायाकल्प योजना के तहत अस्पतालों को चयनित तथा पुरस्कृत किए जाने का प्रावधान किया गया है। कायाकल्प योजना के तहत मुख्य तौर पर अस्पताल में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना, सैनिटेशन तथा हाइजीन मेंटेन करना, बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, संक्रमण कंट्रोल तथा सैनिटेशन व हाइजीन के प्रति आसपास के क्षेत्रों में जन जागरण अभियान चलाए जाने का प्रावधान है। इन सभी मानकों पर खरा उतरने पर संबंधित सरकारी अस्पताल को चिह्नित कर पुरस्कृत किए जाने का प्रावधान किया गया है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालसी क्षेत्र के 203 राजस्व ग्रामों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराता है। इसके अतिरिक्त केंद्र के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में छह एलोपैथिक डिस्पेंसरी तथा 32 एएनएम सेंटर्स भी संचालित हो रहे हैं। पीएचसी कालसी को कायाकल्प योजना के तहत जिले में प्रथम स्थान मिलने पर कालसी के ब्लॉक प्रमुख अर्जुन सिंह चौहान, एडवोकेट क्षमा शर्मा, मदन रावत आदि ने गौरव का विषय बताया है। केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव दीक्षित ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों तथा स्टाफ द्वारा निष्ठापूर्वक कार्य करने तथा उनके सम्मिलित प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल करने की बात कही।