ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
नगर पालिका में हुए तेल घोटाला प्रकरण की जांच अब शहरी विकास निदेशालय करेगा। सभासदों की मांग पर नगर पालिका अध्यक्ष शांति जुवांठा ने मामले की जांच शहरी विकास निदेशालय से कराने की संस्तुति की है।
नगर पालिका अध्यक्ष की कार्रवाई के बाद सभासदों ने सोमवार से प्रस्तावित धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया। बता दें, कि नगर पालिका के वाहनों के लिए डीजल क्रय में गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने एक कर्मचारी को निलंबित किया था। जबकि, प्रकरण की जांच के लिए पालिका प्रशासन ने दो सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। लेकिन, इस समिति की जांच के दायरे में उच्चाधिकारियों को शामिल नहीं किया गया था। इससे नाराज नगर पालिका सभासद प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे थे। ऐसा नहीं किए जाने पर सभासदों ने सोमवार से पालिका कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की चेेतावनी दी थी। सोमवार को पालिका कार्यालय में अध्यक्ष और सभासदों के बीच हुई वार्ता के बाद तेल घोटाला प्रकरण की जांच शहरी विकास निदेशालय को सौंपने का निर्णय लिया गया। पालिकाध्यक्ष शांति जुवांठा ने कहा कि प्रकरण की पारदर्शिता के साथ जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।