ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
हरबर्टपुर में सोमवार को बारह घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह आठ बजे गुल हुई बिजली रात साढे़ आठ बजे सुचारु हुई। दिन भर बिजली नहीं रहने से अधिकांश क्षेत्रों में पेयजल संकट गहरा गया। साथ ही लक्खनवाला और बैरागीवाला के ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिन भर बिजली आपूर्ति ठप रही।
ऊर्जा निगम कर्मियों ने बताया कि कुछ जगह लाइन में तकनीकी खराबी आ गई थी। जबकि, कुछ स्थानों पर बिजली लाइन में मरम्मत कार्य के चलते आपूर्ति बाधित रही। जल संस्थान के ओवर हेड टेंकों पर जनरेटर की व्यवस्था नहीं होने से पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई। नगर पालिका हरबर्टपुर की पूर्व सभासद मंजू शर्मा, पछवादून विकास मंच अध्यक्ष अतुल शर्मा, संतन सिंह, प्रमोद कुमार ने बताया कि क्षेत्र में पुरानी हो चुकी बिजली की लाइनों के कारण अक्सर बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। निगम अधिकारियों से कई बार नई लाइन बिछाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उधर, ऊर्जा निगम के एसडीओ अश्वनी कुमार ने बताया कि हरबर्टपुर नगर की लाइन में तकनीकी खराबी आ गई थी। जबकि, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली लाइन की मरम्मत के कारण आपूर्ति बाधित रही, जिसे रात में बहाल कर दिया गया।