ब्यूरो/अमर उजाला, चकराता
लोखंडी, लोहारी, देववन, खडम्बा, बुधेर, व्यास शिखर, चोरानी आदि की ऊंची चोटियों पर सोमवार सुबह फिर बर्फबारी हुई। बर्फबारी से चकराता और आसपास का इलाका शीतलहर की चपेट में आ गया। सोमवार को क्षेत्र की ऊंची चोटियों पर करीब दो इंच हिमपात हुआ।
बर्फबारी से चकराता का तापमान चार से गिरकर दो डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं निचले इलाकों विकासनगर, डाकपत्थर, हरबर्टपुर और आसपास के क्षेत्र में पूरे दिन बारिश से मौसम ठिठुरनभरा रहा। चकराता में सोमवार सुबह बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। क्षेत्र में पूर्व की बर्फ के न पिघलने और सोमवार को फिर से बर्फबारी होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में बारिश और हिमपात से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। ऊंचाई वाले इलाके में ग्रामीणों को पेयजल के साथ ही राशन गांवों तक पहुंचाने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है।