ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
निजी चिकित्सकों की हड़ताल के कारण नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों का दबाव बढ़ गया है। यहां समान्य दिनों की अपेक्षा 200 से अधिक मरीज ओपीडी में उपचार के लिए आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक सोमवार को 600 से अधिक मरीजों ने ओपीडी में उपचार कराया।
मरीजों की अधिक संख्या को देखते हुए सीएचसी में ओपीडी का समय एक घंटे बढ़ा दिया गया है। निजी चिकित्सकों की हड़ताल का असर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पड़ रहा है। यहां हर रोज ओपीडी में उपचार के लिए आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। बता दें कि विकासनगर कस्बा जौनसार बावर परगने सहित पछवादून, टिहरी, उत्तरकाशी के साथ ही हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले और उत्तर प्रदेश की बेहट तहसील के बाशिंदों को स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने वाला प्रमुख केंद्र है। मरीज यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के साथ ही निजी क्लीनिकों और नर्सिंग होम में उपचार के लिए आते हैं। निजी चिकित्सकों की हड़ताल के कारण पिछले चार दिनों से निजी क्लीनिक और नर्सिंग होम बंद हैं। इससे सीएचसी की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। फार्मासिस्ट दीपक राणा ने बताया कि सोमवार को मरीजों की संख्या 600 से अधिक रही। हालांकि, अस्पताल में तीस बेड की ही सुविधा होने से गंभीर मरीजों को भर्ती करना सीएचसी प्रबंधन के लिए चुनौती बना हुआ है। सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. केके शर्मा ने बताया कि मरीजों की संख्या बढ़ने पर ओपीडी का संचालन एक घंटे अधिक किया जा रहा है। भर्ती मरीजों की संख्या बढ़ने पर ट्रॉमा सेंटर में इंडोर वार्ड की व्यवस्था की जाएगी।