आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हुआ मसूरी
ब्यूरो/अमर उजाला
मसूरी। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले के विरोध में पूरा नगर एकजुट हो गया है। जवानों की शहादत का बदला लेने की मांग को लेकर लोगों ने नगर के विभिन्न इलाकों में प्रदर्शन किया। जगह-जगह पाकिस्तान और आतंकवाद के पुतले फूंके गए।
शुक्रवार को विभिन्न संगठनों ने पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ मोर्चा खोला। लोगों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि कायर आतंकवादियों का सफाया किया जाए। पिक्चर पैलेस चौक पर मसूरी भाजपा मंडल व हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर पाकिस्तान और आतंकवाद के पुतले फूंके। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, अंकुश नौटियाल कुलदीप, रमेश जयसवाल, त्रिलोक राणा, कुशाल राणा, अनुज तायल आदि मौजूद रहे।
कुलड़ी स्थित ग्रीन चौक पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सतीश ढौडियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और राजीव गांधी सेना ने पाकिस्तान के पुतले आग के हवाले किया। इस दौरान पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, रमेश राव आदि मौजूद रहे। गांधी चौक (किताबघर) में छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी पाकिस्तान का पुतला दहन किया। इस दौरान मुकेश प्रसाद, आशीष जोशी, रविंद्र रावत, आशीष कोठारी, राहुल, अभिलाष, अनिल, आदित्य पडियार मौजूद रहे।
नगर पालिका में अध्यक्ष अनुज गुप्ता सहित अधिकारियों व कर्मचारियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। जबकि पालिका सभासद गीता कुमाई के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों समेत पर्यटकों ने झूला घर स्थित शहीद स्थल पर पुलवामा में हुए शहीदों को श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने वालों में वसीम खान अंकुर सैनी, अफसर कुरैशी, मुकेश, सीता शर्मा, कमला आदि मौजूद रहे। मस्जिदों में भी जुमे की नमाज के बाद शोक संवेदना व्यक्त की गई। इस दौरान असलम, राशिद, अय्यूब खान, सलीम अहमद, मोहम्मद जकी, शाहनवाज आदि मौजूद रहे।