ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
बाल संरक्षण आयोग के निर्देश पर शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम बृहस्पतिवार को तहसील क्षेत्र अंतर्गत मेंगवाला की वन गुर्जर बस्ती पहुंची। इस दौरान स्वास्थ्य टीम ने नौनिहालों का परीक्षण कर हाईजीन की स्थिति जानी। वहीं शिक्षा विभाग की टीम ने नौनिहालों की शिक्षा के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया।
बता दें, मेंगवाला बस्ती में वन गुर्जरों के परिवार निवास करते हैं। इस बस्ती में छह से 14 वर्ष की आयु के 20 नौनिहाल हैं। नौनिहालों के लिए प्राथमिक विद्यालय चार किमी दूर है जहां तक पहुंचने के लिए जंगली रास्ता पार करना पड़ता है। शिक्षा से वंचित इन नौनिहालों के लिए शिक्षा विभाग ने गत वर्ष नवंबर माह में बस्ती में ही गैर आवासीय शिक्षा केंद्र शुरू किया है। बस्ती में शिक्षा की स्थिति जानने के लिए ही बस्ती में बाल संरक्षण आयोग के निर्देश पर टीम भेजी गई थी। उप शिक्षाधिकारी हिमांशु श्रीवास्तव ने बताया कि बस्ती में चल रहे गैर आवासीय शिक्षा केंद्र में अध्ययनरत नौनिहालों को निशुल्क गणवेश, पाठ्य पुस्तक सहित एमडीएम मुहैया कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नौनिहालों का स्वास्थ्य परीक्षण कर बस्ती में हाईजीन की स्थिति जानी। डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि बस्ती में सभी नौनिहालों का स्वास्थ्य सामान्य है। बाल विकास परियोजना अधिकारी तरुणा चमोला ने बताया कि बस्ती के बाशिंदों को योजनाओं की जानकारी दी गई। टीम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. केके शर्मा, डॉ. अमित अग्रवाल, शिक्षा विभाग की ओर से खंड शिक्षाधिकारी वीपी सिंह और उप शिक्षाधिकारी हिमांशु श्रीवास्तव शामिल रहे।