ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
बिजली के बकाया बिलों पर विलंब शुल्क माफ करने की मांग के समर्थन में जन संघर्ष मोर्चा कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को तहसील का घेराव कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम जितेंद्र कुमार को सौंपा।
मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ नेगी ने कहा कि प्रदेश के हजारों विद्युत उपभोक्ताओं पर कई वर्षों के बिजली बिल बकाया है। कई उपभोक्ता अपनी तंगहाली व अन्य परिस्थितियों के चलते समय पर बिल नहीं दे पाते हैं। इससे बिलों पर लगने वाले विलंब शुल्क (अधिभार) से बिल की रकम काफी बढ़ती जाती है। इसके अलावा प्रदेशभर के हजारों उपभोक्ताओं के संयोजन अस्थाई तौर पर विच्छेद कर दिए गए हैं। मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि उपभोक्ताओं की आर्थिक परिस्थितियों के दृष्टिगत बकाया बिलों पर अधिभार माफ करने की पहल करनी चाहिए। घेराव करने वालों में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, डॉ. ओपी पंवार, विक्रम पाल, संध्या गुलेरिया, सुशील भारद्वाज, गालिब प्रधान, इदरीश, अशोक गर्ग आदि शामिल रहे।