ब्यूरो/अमर उजाला, साहिया
समग्र शिक्षा अभियान के तहत कालसी ब्लॉक के शिक्षकों का दस दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को संपन्न हुआ। ब्लॉक संसाधन केंद्र में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शिक्षकों को शिक्षा में नई तकनीक का उपयोग करने के गुर बताए गए। जबकि, प्रशिक्षण के समापन पर शिक्षकों को नवाचार की जानकारी मुहैया कराई गई।
वहीं, प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समापन सत्र में शिरकत कर रहीं उप शिक्षाधिकारी पूजा नेगी दानू ने बताया कि व्यक्ति और समाज में हो रहे परिवर्तनों का प्रभाव शिक्षा पर भी पड़ा है। शिक्षा को समयानुकूल बनाने के लिए शैक्षिक विधाओं में नवाचार जरूरी है। कहा कि तनाव रहित माहौल बनाने के लिए जरूरी है कि शिक्षणेत्तर गतिविधियों का आयोजन किया जाए। बताया कि छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से बाहरी परिवेश की जानकारी मुहैया कराई जानी चाहिए। साथ ही छात्रों की रुचि के अनुसार बिना मानसिक दबाव डाले सहज तरीके से शिक्षण कर कक्षा के माहौल को तनाव रहित बनाया जाना जरूरी है।
प्रशिक्षक राजेंद्र शाह ने बताया कि दस दिनों तक चले प्रशिक्षण के तहत शिक्षकों को हिंदी, सामाजिक विज्ञान व गणित विषय में शिक्षण, वर्तमान दौर में बदलाव, शिक्षक का कक्षा, विषय व छात्र के प्रति व्यवहार की विस्तार से जानकारी मुहैया कराई गई। कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन बदलते दौर के साथ खुद को तैयार करने की एक कड़ी है। इस दौरान मंगत राम बिजल्वाण, तनुजा घिल्डियाल, आरती भट्ट, डॉ. प्रदीप रावत, सचिन नागर, सुंदर सिंह, संजय सोलंकी, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।