ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
माही क्रिकेट एकेडमी ने डीएलसीसी, स्पोर्ट्स कॉलेज ने आईटीएम और राव क्रिकेट एकेडमी ने दून राइडर को हराकर पूरे अंक हासिल किए। शहर में चल रही 72वीं जिला क्रिकेट लीग में बुधवार को रेंजर्स मैदान, रामराज एकेडमी और स्पोर्ट्स कॉलेज के मैदान पर मुकाबले खेले गए।
रेंजर्स मैदान पर खेले गए मुकाबले में दून राइडर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट खोकर 213 रन बनाए। टीम के लिए लॉरेंस ने 55, अभिषेक ने 42, वैभव ने 32, पवन ने 17 और ऋषभ ने 10 रनों की पारी खेली। राव एकेडमी के गेंदबाज ऋषभ, अरूण और संजय ने दो-दो विकेट चटकाए। जवाब में राव एकेडमी ने मैच को आठ विकेट शेष रहते जीत लिया। बल्लेबाज भानू प्रताप ने 108 रनों की शतकीय और दीपांकर ने 60 रनों की अर्द्धशतकीय पारी खेली।
रामराज एकेडमी के मैदान पर खेले गए मैच में माही क्रिकेट एकेडमी ने पांच रनों से जीत दर्ज की। इससे पहले माही एकेडमी ने वंशज के 37 व जसप्रीत के 26 रनों की मदद से 24.1 ओवर में 114 रन बनाए। डीएलसीसी के गेंदबाज अंकित ने छह महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएलसीसी की टीम 109 रनों पर ढेर हो गई। टीम के लिए हरेंद्र ने 30, अंकित ने 19 व प्रशांत ने 14 रनों का योगदान दिया। वहीं, गेंदबाजी में माही एकेडमी के वंशज और राहुल ने तीन-तीन व जसप्रीत ने दो विकेट लिए।
स्पोर्ट्स कॉलेज के मैदान पर खेले गए मैच में स्पोर्ट्स कॉलेज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रशांत चौहान के 112 रन, पी चौधरी के 42, विशाल के 37 व अमन के 26 रनों के दम पर 275 रन बनाए। जवाब में आईटीएम की टीम 185 रन ही बना पाई और मुकाबला 90 रनों से हार गई। टीम की ओर से अमित भंडारी ने 81, माधुर ने 28 व रोहित ने 27 रन बनाए।