ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पूर्व छात्रों से नए छात्रों को प्रेरणा मिलती है। छात्र किसी भी शिक्षण संस्थान का आईना होते हैं। ये बातें इक्फाई विवि के कुलपति डॉ. पवन कुमार अग्रवाल ने कहीं। वह इक्फाई विश्वविद्यालय सेलाकुई में आयोजित एल्यूमनी मीट में छात्रों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि संस्थान से पास आउट छात्रों का समाज में प्रदर्शन उस शिक्षण संस्थान की उपलब्धियों को दर्शाता है। पूर्व एवं वर्तमान छात्रों का मिलन शिक्षण संस्थान की प्रगति व छात्रों के भविष्य के लिए जरूरी है। कुलसचिव ब्रिग्रेडियर राजीव सेठी ने विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। जबकि, पूर्व छात्रों ने अपने अनुभव साझा करने के साथ ही अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को सफलता के गुर बताए। समारोह के समापन पर विश्वविद्यालय की ओर से सभी पूर्व छात्रों को स्मृति चिह्न दिए गए। इस दौरान प्रति कुलपति डॉ. मुड्डू विनय, प्रो. सरिता नेगी, दिवाकर दास, कमलकांत राणा, नमन कांबोज, दमन दास, सिद्धार्थ चौबे, रजत कुमार, अल्विना वांशिंगटन आदि मौजूद रहे।