ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर। पछवादून क्षेत्र में लोहड़ी पर्व बड़े धूमधाम से मनाया गया। विकासनगर, डाकपत्थर, सेलाकुई, सहसपुर, हरबर्टपुर, झाझरा, कुल्हाल आदि क्षेत्रों में जगह-जगह टोली बनाकर लोहड़ी के गीत गाए और लोहड़ी की आग जलाकर मूंगफली व रेवड़ी से पूजा अर्चना की गई। इसके बाद ढोल की थाप पर लोगों ने जमकर भांगड़ा किया।
पंजाबी कॉलोनी में महिलाओं, पुरुषों व बच्चों ने लोहड़ी जलाकर ‘दे माई लोहड़ी, तेरी जीवे जोड़ी, दे माई पाथी, तेरा पुत्त चढ़ेगा हाथी’ गीत गाते हुए मूंगफली, गुड़, रेवड़ी, धानी मांगकर टोलियों में बांटी। मोहल्ले में लोहड़ी की आग जलाकर ‘महिलाएं सुंदरी मुंदरी हो, तेरा कौन विचारा हो, दुल्ला भट्टी वाला हो, दुल्ले धी, व्याही हो, सेर शक्कर पाई हो’ गीत गाते हुए भांगड़ा किया। इस दौरान गगन सेठी, जितेंद्र डंग, मीनू डंग, विपिन अरोड़ा, राम साहनी, अन्नु आजाद, शालिनी सेठी, सीमा लोगानी, मीनू डंग, सुधा सरहदी आदि मौजूद रहे।
दूसरी ओर चकराता में एमईएस लाइन गुरुद्वारा व छावनी बाजार गुरुद्वारा में स्थानीय बाशिंदों ने पूजा अर्चना कर लोहड़ी पर्व धूमधाम से मनाया। कई घरों में गन्ने के रस की खीर बनाई गई जो मकर सक्रांति के दिन खाई जाएगी। भांगड़ा व गिद्दा करने के बाद लोगों ने आग में तिल डालकर खुशी व संपन्नता की कामना की। गुरुद्वारा प्रधान अरविंद पाल कुकरेजा ने बताया कि लोहड़ी रिश्तों की मधुरता, सुकून व प्रेम का प्रतीक है। दुखों का नाश और भाईचारे से मिलजुल कर नफरत का नाश करने का नाम है लोहड़ी। इस दौरान तीर्थ कुकरेजा, आरपी सिंह, हरचरण सिंह, गुरुचरण कुकरेजा, सत्यपाल चड्डा, अजय सिंह गुलजारी, अनिल चांदना, अंकित मोहल, दिनेश चांदना, सत्यपाल कुकरेजा आदि मौजूद रहे।