ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
राजकीय इंटर कॉलेज छरबा के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर में छात्र-छात्राओं को रेडक्रॉस सोसाइटी की जानकारी दी गई। जूनियर रेडक्रॉस सोसाइटी के कोआर्डिनेटर जितेंद्र बुटोइया ने बताया कि उत्तराखंड में दो लाख लोगों को रेडक्रॉस सोसाइटी से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि एनएसएस का उद्देश्य छात्रों में सामाजिक दायित्वों का अहसास कराना है। जबकि, रेडक्रॉस सोसाइटी करीब सौ वर्षों से समाज की सेवा कर रही है। बताया कि प्रथम विश्व युद्ध के दौरान घायलों का उपचार करने और बेघर लोगों की सहायता के लिए बनी सोसाइटी विश्व भर में मानवता और शांति का संदेश दे रही है। उन्होंने छात्रों को बताया कि असहाय की सेवा करना सबसे बड़ा धर्म होता है। उत्तराखंड आपदा की दृष्टि से संवेदनशील प्रांत है, ऐसे में रेडक्रॉस सोसाइटी आपदा के दौरान राहत और बचाव कार्य में सहायता कर सकती है। इसके लिए युवाओं का सोसाइटी से जुड़ना जरूरी है। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी प्रेमप्रकाश शुक्ला, विनोद कुमार पाठक, शत्रुघ्न सिंह नेगी, खजान सिंह, विनोद रावत, मंजुला आदि मौजूद रहे।